आज़मगढ़। समाजवादी पार्टी के लोकसभा में मुख्य सचेतक, आजमगढ़ से सांसद धर्मेंद्र यादव ने आज संसद में उत्तर प्रदेश सरकार पर शिक्षा के क्षेत्र में गरीब, दलित, मजदूर, किसान और पिछड़े वर्ग के बच्चों को वंचित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने कहा था, ‘जिस समाज को कमजोर करना हो, उसे शिक्षा से वंचित कर दो’, और आज यूपी सरकार उसी राह पर चल रही है। अब तक 1,26,012 स्कूल बंद किए जा चुके हैं और 5,000 स्कूलों का मर्जर कर दिया गया है।

उन्होंने शिक्षा के अधिकार अधिनियम का हवाला देते हुए कहा कि हर बच्चे को शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की कानूनी जिम्मेदारी है, लेकिन यूपी में 2 लाख से अधिक शिक्षक भर्तियां रुकी हुई हैं। वहीं दूसरी ओर 27,000 से अधिक शराब की दुकानें खोली गई हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर भी सवाल उठाए कि शिक्षा बजट में केंद्र का पैसा भी होता है, फिर भी डबल इंजन सरकार जिम्मेदारी से मुंह मोड़ रही है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पीडीए पाठशाला शुरू करने की घोषणा की है, ताकि गरीब बच्चों को शिक्षा मिल सके। चेतावनी दी कि अगर स्कूल बंद होते रहे तो समाजवादी पार्टी आंदोलन करेगी और इन्हें बंद नहीं होने देगी।