आजमगढ़ । मंडल में विकास योजनाओं की रैंकिंग सुधारने को लेकर सख्त तेवर दिखाते हुए मंडलायुक्त विवेक की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक हुई। छात्रवृत्ति, पेंशन, पीएम सूर्य घर, स्वास्थ्य, बिजली, आवास, शिक्षा व कृषि योजनाओं में लापरवाही पर अधिकारियों को चेतावनी दी गई, वहीं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान में आजमगढ़ को दूसरा स्थान मिलने पर जिलाधिकारी को बधाई दी गई।
मंडलायुक्त विवेक की अध्यक्षता में मंडलायुक्त सभागार में दिसंबर 2025 की शासन स्तर की ग्रेडिंग/रैंकिंग की समीक्षा की गई। बैठक में छात्रवृत्ति योजना पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिया गया कि अपात्र को लाभ न मिले और छात्रों की उपस्थिति का सत्यापन अनिवार्य किया जाए। समाज कल्याण व पिछड़ा वर्ग विभाग को दशमोत्तर छात्रवृत्ति में तेजी लाने को कहा गया।
निराश्रित महिला व वृद्धावस्था पेंशन के लंबित मामलों को तत्काल निस्तारित करने तथा तकनीकी आधार पर आवेदन निरस्त न करने के निर्देश दिए गए। कन्या सुमंगला योजना के सभी लंबित आवेदनों को शीघ्र निपटाने को कहा गया।
पीएम सूर्य घर योजना में तीनों जनपदों को रैंकिंग सुधारने के निर्देश देते हुए बैंकों से समन्वय कर स्वीकृत ऋण का वितरण सुनिश्चित कराने को कहा गया। एकीकृत बागवानी के सभी लंबित आवेदनों को शत-प्रतिशत अनुमोदन के निर्देश दिए गए।
विद्युत विभाग को खराब ट्रांसफार्मर, बिल संशोधन और अन्य शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने की चेतावनी दी गई। कृषि विभाग को फसल बीमा भुगतान में तेजी लाने और किसानों को जागरूक करने को कहा गया।
प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना में निर्माण कार्य समय से पूरा कराने और प्रगति के अनुसार किस्त जारी करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को 102/108 एंबुलेंस रिस्पॉन्स टाइम सुधारने, सीटी स्कैन व लैब जांच बढ़ाने, बायोमेट्रिक अटेंडेंस शत-प्रतिशत लागू कराने और अस्पतालों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
शिक्षा विभाग को स्कूलों में फर्नीचर, बाउंड्रीवाल, मिड-डे-मील गुणवत्ता और बच्चों की उपस्थिति पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग को गौ-आश्रय स्थलों की नियमित जांच और टीकाकरण सुनिश्चित करने को कहा गया। स्किल डेवलपमेंट केंद्रों की सीडीओ स्तर से मॉनिटरिंग के आदेश दिए गए।
बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान में आजमगढ़ को प्रदेश में दूसरा स्थान मिलने पर जिलाधिकारी को बधाई दी गई।
बैठक में जिलाधिकारी आजमगढ़ रविन्द्र कुमार, बलिया मंगला प्रसाद सिंह, मऊ प्रवीण मिश्र सहित तीनों जनपदों के सीडीओ व मंडलीय अधिकारी मौजूद रहे।
