आजमगढ़। प्रधानमंत्री द्वारा लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल लखनऊ के उद्घाटन एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी तथा अन्य महानुभावों की प्रतिमाओं के अनावरण का सजीव प्रसारण बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया।


इसी क्रम में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में 19 से 25 दिसम्बर तक आयोजित सुशासन सप्ताह के अंतर्गत भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी समारोह पर पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ अटल बिहारी वाजपेयी की चित्र प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया।


जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य युवा पीढ़ी को महापुरुषों के जीवन और उनके आदर्शों से प्रेरणा देना है। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी को महान कवि, सकारात्मक सोच वाले राजनीतिज्ञ और ऐसे प्रधानमंत्री के रूप में याद किया, जो सत्ता और विपक्ष दोनों को साथ लेकर चलते थे। राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर उनकी दृढ़ता का उदाहरण परमाणु परीक्षण है।
उन्होंने बताया कि जन्म शताब्दी के अवसर पर विद्यालयों में निबंध लेखन एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी छात्र-छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि महापुरुषों के विचारों को अपने जीवन में उतारने की आवश्यकता है।


निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्रतिभा यादव (श्री लालसा राय इंटर कॉलेज, सठियांव), द्वितीय स्थान फलक नूर (बीआरडी बाबा रघुबर दास इंटर कॉलेज) और तृतीय स्थान अंशिका प्रजापति (राजकीय बालिका इंटर कॉलेज) को मिला। भाषण प्रतियोगिता में ईरम जहीर, सुप्रिया श्रीवास्तव और वैष्णवी राय क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय रहीं।

एकल काव्य पाठ प्रतियोगिता में वर्षा भारती, रेनू अग्रहरि और अंशिका को प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। सभी विजेताओं को प्रशस्ति पत्र, पुरस्कार राशि एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम का संचालन राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रवक्ता शमा शेख ने किया। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक वीरेन्द्र प्रताप सिंह सहित संबंधित अधिकारी, शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।