रिपोर्ट: आशीष निषाद
अतरौलिया/आज़मगढ़। आगामी विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच आज़मगढ़ की राजनीति में सुभासपा ने बड़ा सियासी झटका दिया है। अन्य राजनीतिक दलों को छोड़कर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने एक साथ सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर संगठन को नई ताकत दी। यह नज़ारा स्थानीय निरीक्षण भवन में देखने को मिला, जहां पार्टी की नीतियों और नेतृत्व पर बढ़ते भरोसे का खुला प्रदर्शन हुआ।
अतरौलिया क्षेत्र के स्थानीय डांक बगले में गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री, पंचायती राज विभाग माननीय ओमप्रकाश राजभर ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसी दौरान अन्य राजनीतिक दलों को छोड़कर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सुभासपा की सदस्यता ग्रहण की।
इस मौके पर आज़मगढ़ जनपद के छपरा सुल्तानपुर निवासी सामाजिक कार्यकर्ता शिवेश सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग पार्टी में शामिल हुए। शिवेश सिंह महाराणा प्रताप संगठन के सक्रिय सदस्य भी हैं। उनके नेतृत्व में शामिल हुए कार्यकर्ताओं ने सुभासपा की प्राथमिक सदस्यता लेकर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का संकल्प लिया।
सदस्यता ग्रहण करने के बाद शिवेश सिंह ने कहा कि पार्टी उन्हें जो भी दायित्व सौंपेगी, वह उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि माननीय ओमप्रकाश राजभर शोषित, वंचित, पिछड़े और गरीब वर्ग की आवाज बनकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उनकी स्पष्ट सोच, संघर्षशील नेतृत्व और जनहितकारी कार्यशैली से प्रभावित होकर ही उन्होंने सुभासपा की सदस्यता ली है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने नए सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि निरीक्षण भवन में सैकड़ों लोगों का अन्य दलों को छोड़कर सुभासपा से जुड़ना इस बात का प्रमाण है कि जनता पार्टी की नीतियों, विचारधारा और संघर्ष पर भरोसा जता रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पार्टी में शामिल हुए सभी कार्यकर्ताओं को शीघ्र ही नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी, जिनका निर्धारण जिला अध्यक्ष और जिला मंत्री के माध्यम से किया जाएगा।
इस दौरान सदस्यता ग्रहण करने वालों में प्रमुख रूप से आदित्य सिंह पालीवाल, मनीष सिंह, आकाश तिवारी, नवीन पांडेय, नीरज सिंह पालीवाल, अंकुर सिंह, सत्यप्रकाश सिंह, पीयूष सिंह, विजय सिंह प्रधान, विजय यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में सुभासपा पदाधिकारियों और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
