आजमगढ़ । जिले में धूमधाम से ईद का त्योहार मनाया जा रहा है। गुरुवार की सुबह अकीदत व एहतराम के साथ ईद की नमाज अदा हुई। इसके बाद लोगों ने एक दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।

ईद की नमाज को लेकर मुस्लिम बंधुओ के घरों में सुबह से ही तैयारी शुरू हो गई थी। साढ़े छह बजे के बाद लोगों का हुजूम ईदगाहों की ओर निकल पड़ा। शहर से लेकर ग्रामीण अंचल के ईदगाहों में पहुंचकर लोगों ने नमाज अदा की। इसके बाद समाज, देश व परिवार के सलामती की दुआ पढ़ी गई।
जनपद में 249 ईदगाहों व 336 मस्जिदों में ईद की नमाज अता करने के बाद लोगों ने एक दूसरे से गले मिलकर त्योहार की मुबारकबाद दी। इसके बाद घर-घर जाकर सेवईयों का लुफ्त उठाया। वहीं शहर के बदरका ईदगाह पर भारी संख्या में मुस्लिम बंधुओं ने नमाज़ अता की। बच्चों में विशेष ख़ुशी थी। यहाँ पर सदर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, एमएलसी शाह आलम गुड्डू जमाली समेत तमाम जनप्रतिनिधि हिन्दू मुस्लिम सभी लोग मुबारकबाद देने के लिए मौजूद रहे। सभी ने ईद को भाई चारे का प्रतीक बताया।