
रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। सोशल मीडिया पर झूठी जानकारी फैलाने के आरोप में सुरेंद्र यादव के खिलाफ थाना कोतवाली में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी ने गुजरात का वीडियो आजमगढ़ का बता कर पोस्ट किया, जिससे आमजन में भ्रम की स्थिति पैदा हुई।
आरोपी सुरेंद्र यादव, निवासी थाना शहर कोतवाली आजमगढ़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर गुरुवार को एक वीडियो पोस्ट किया। वीडियो असल में गुजरात का था, लेकिन उसे आजमगढ़ का बताकर पोस्ट किया गया। पोस्ट में आरोपी ने लिखा कि–
‘तुम किसी का जीना मुश्किल करोगे, ऊपर वाला तुम्हारा भी जीना मुश्किल करेगा।’
पुलिस ने इसे माहौल बिगाड़ने का प्रयास मानते हुए आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू करने के साथ आरोपी की तलाश में जुट गई है।
वहीं दूसरी तरफ आरोपी ने शुक्रवार को X पर पिन करके गलत पोस्ट के लिए आज़मगढ़ पुलिस से माफी मांगी। आरोपी ने लिखा-
‘गलती से मैं पोस्ट डाल दिया था मेरी तरफ से जो गलती हुई है उसके लिए खेद प्रकट करता हूं। मेरी तरफ से भी जो गलती हुई है उसके लिए क्षमा प्रार्थी हूं। आगे से याद रखूंगा कि ऐसी पोस्ट डालने से पहले उसके बारे में जान लूं। @azamgarhpolice‘

पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त सूचना ही साझा करें। किसी भी प्रकार की भ्रामक, झूठी या अपुष्ट जानकारी का प्रसार न करें। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
