आज़मगढ़ शहर कोतवाली क्षेत्र के मुकेरीगंज में मंगलवार की देर शाम एक बिल्डिंग डिज़ाइनिंग ऑफिस में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। अचानक लगी आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन फायर ब्रिगेड की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मुकेरीगंज गांव निवासी वेदप्रकाश मौर्य ने अपने घर में बिल्डिंग डिज़ाइनिंग ऑफिस खोला हुआ है। मंगलवार की देर शाम करीब आठ बजे अचानक शॉर्ट सर्किट से ऑफिस में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने कमरे में रखा ट्रेडमिल और सोफा जलाकर राख कर दिया। आसपास के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
सीओ अग्निशमन ने बताया कि सूचना मिलते ही विभाग की टीम दस मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई थी। समय रहते कार्रवाई होने के कारण सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए और आग को फैलने से रोक लिया गया। प्रथम दृष्टया आग शार्ट सर्किट के कारण लगी होना प्रतीत हो रही है।
