आज़मगढ़। दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज के पर्व को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर सख्त निगरानी शुरू की है।
जनपद में मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों के विक्रय को रोकने के लिए गठित टीम ने जाफरपुर स्थित मिठाई निर्माण इकाई से एक बर्फी, भैरोपुर खुर्द से एक छेना मिठाई और फूलपुर के प्रतिष्ठानों से दो बूंदी लड्डू के नमूने संग्रहित किये। अस्वच्छ परिस्थितियों में संग्रहित 30 किलो छेना मिठाई और 10 किलो बूंदी लड्डू को मौके पर नष्ट कर दिया गया। कुल 4 नमूने राजकीय प्रयोगशाला को जांच के लिए भेजे गए।
फूलपुर तहसील के खाद्य प्रतिष्ठानों में 20 खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच की गई, जिनमें कई मानक के अनुरूप नहीं पाए गए। निरीक्षण के दौरान 4 खाद्य कारोबारियों को सुधार नोटिस जारी किया गया और सभी प्रतिष्ठानों पर फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप चस्पा किया गया।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II ने बताया कि छापेमारी अभियान दीपावली तक लगातार जारी रहेगा। आम जनता से अपील की गई है कि वे पैक्ड खाद्य सामग्री खरीदने से पहले उसकी एक्सपायरी डेट और गुणवत्ता की जांच अवश्य करें और रंगीन/चमकीली मिठाइयों से परहेज करें। खाद्य कारोबारियों को भी स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण सामग्री विक्रय करने और निर्धारित मात्रा में खाद्य रंग का प्रयोग करने के लिए जागरूक किया गया।
