आज़मगढ़। श्री गुरु तेग़ बहादुर साहिब जी एवं शहीद भाईयों की 350वीं शहीदी दिवस को समर्पित “जागृति यात्रा” का आजमगढ़ आगमन हुआ, जहां सिख संगत ने भव्य स्वागत किया।


यह जागृति यात्रा तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब से प्रारंभ होकर आनंदपुर साहिब की ओर अग्रसर है। यात्रा में गुरु साहिब के सर्वोच्च बलिदान और उपदेशों का संदेश देश के विभिन्न राज्यों से होते हुए फैलाया जा रहा है।

यात्रा में पुरातन हस्तलिखित श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी तथा गुरु साहिब एवं शहीद सिंहों के पावन शस्त्र संगत के दर्शन हेतु प्रदर्शित किए गए। आज़मगढ़ आगमन पर सरफ़ुद्दीनपुर में जलपान और लंगर की व्यवस्था की गई। नगर के विभिन्न स्थानों पर संगत और स्थानीय समाज ने पुष्प वर्षा और भव्य स्वागत किया।

जागृति यात्रा का मुख्य उद्देश्य लोगों को गुरु साहिब के जीवन और उनके सिद्धांतों से प्रेरित कर उनके मार्ग पर चलने के लिए जागरूक करना है। इस अवसर पर संगम अरोड़ा, परमजीत सिंह, सतनाम सिंह, रंजित सिंह, सतपाल सिंह, हरविंदर सिंह, श्री सुंदर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, श्री गुरुनानक दरबार बिठ्ठलघाट, गुरुद्वारा श्री चरण पादुका साहिब जी निजामाबाद के पदाधिकारी एवं सिख समाज के लोग उपस्थित रहे।