आज़मगढ़। पश्चिमी सभ्यता का प्रभाव अब ग्रामीण क्षेत्रों तक साफ नजर आने लगा है, जहां परंपरागत सामाजिक ढांचे में तेजी से बदलाव हो रहा है। आधुनिक सोच और सोशल मीडिया के प्रभाव में युवा पीढ़ी पारिवारिक मूल्यों से दूर होती जा रही है। कुछ ऐसा ही नजारा आज़मगढ़ में देखने को मिला, जहां फूलपुर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली दो युवतियों के आपसी प्रेम का मामला चर्चा का विषय बन गया।
अलग-अलग गांवों की रहने वाली दोनों युवतियां पिछले दो-तीन वर्षों से एक-दूसरे के संपर्क में थीं। धीरे-धीरे यह संपर्क गहरी दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में बदल गया। दोनों युवतियां एक-दूसरे से विवाह कर साथ रहने की जिद पर अड़ गईं। जब इस बात की जानकारी परिजनों को हुई तो उन्होंने इसका विरोध किया, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया।
मामला बढ़ने पर बृहस्पतिवार को पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों युवतियों और उनके परिजनों को फूलपुर कोतवाली ले आई। यहां पुलिस द्वारा काफी देर तक दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन युवतियों ने किसी की भी बात मानने से इनकार कर दिया। उनका साफ कहना था कि वे एक-दूसरे के साथ ही रहना चाहती हैं और अपने फैसले से पीछे नहीं हटेंगी।
इस दौरान कोतवाली परिसर में दोनों पक्षों के काफी लोग एकत्र हो गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद भी जब कोई समाधान नहीं निकल सका तो पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए युवतियों समेत दोनों पक्षों के कुल आठ लोगों का चालान कर दिया।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी सच्चिदानंद ने बताया कि दोनों पक्षों को समझाने का हर संभव प्रयास किया गया, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चालान की कार्रवाई की गई।
