आजमगढ़। जिले में पड़ रही कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने मानवीय पहल करते हुए बीती रात स्वयं सड़कों पर उतरकर हालात का जायजा लिया। देर रात जिलाधिकारी ने आजमगढ़ रेलवे स्टेशन, बड़ादेव मंदिर तथा पुरानी कोतवाली के आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर खुले आसमान के नीचे ठंड से जूझ रहे गरीब, असहाय और निराश्रित लोगों से मुलाकात की।


भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने अलाव ताप रहे जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए और उनकी समस्याएं सुनीं। ठंड से ठिठुर रहे कई बेसहारा लोगों को तत्काल सहायता प्रदान करते हुए उन्हें सरकारी वाहन से रैन बसेरा भेजवाया गया, ताकि वे सुरक्षित और गर्म स्थान पर रात गुजार सकें। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में कहीं भी कोई व्यक्ति ठंड के कारण असहाय स्थिति में न रहने पाए।


जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि शीतलहर के इस दौर में प्रशासन की पहली प्राथमिकता जरूरतमंदों की सुरक्षा है। रैन बसेरों में पर्याप्त व्यवस्था, कंबल, अलाव और अन्य सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने नगर निकाय और प्रशासनिक अमले को लगातार निगरानी रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।