आजमगढ़। जिले के रानी की सराय थाना क्षेत्र में एक ओर जहां सड़क दुर्घटना में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान की  मौत हो गई, वहीं दूसरी ओर चार दिन से लापता एक वृद्ध का नहर में शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों ही घटनाओं से संबंधित परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, पहली घटना रानी की सराय थाना क्षेत्र के सम्मोपुर खालसा गांव के पास सोमवार की रात करीब 12 बजे की है। सड़क के किनारे खड़े एक ट्रक को हटवाने के दौरान तेज रफ्तार से आ रहे डंफर ने ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रक और डंफर के बीच फंसने से रानी की सराय थाना क्षेत्र के सपहिया रुदरी गांव निवासी 55 वर्षीय इंद्रदेव यादव, जो होमगार्ड के जवान थे, की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि इंद्रदेव यादव की उस रात थाना में ड्यूटी थी और सूचना मिलने पर वे पुलिस की मोबाइल टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे।


हादसे में डंफर चालक 40 वर्षीय चंद्रिका यादव निवासी अहरौरा, जनपद मिर्जापुर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले सीएचसी रानी की सराय और बाद में मंडलीय अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मृत होमगार्ड के दो बेटे और तीन बेटियां हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


दूसरी घटना रानी की सराय थाना क्षेत्र के उंचेगांव की है, जहां चार दिन से लापता वृद्ध का शव मंगलवार की सुबह गांव के सिवान में स्थित नहर में मिला। मृतक की पहचान उंचेगांव निवासी 60 वर्षीय केदार राजभर के रूप में हुई है, जो शुक्रवार को घर से बिना बताए निकले थे और तभी से लापता थे। परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन मंगलवार की सुबह घर से करीब आधा किलोमीटर दूर नहर में उनका शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।  पुलिस दोनों मामलों में आवश्यक कार्रवाई और जांच में जुटी हुई है।