आजमगढ़ । उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज द्वारा 17 जनवरी को आयोजित सहायक अध्यापक, प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी (पुरुष/महिला शाखा) (प्रा0) परीक्षा-को नकल मुक्त और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए अपर जिलाधिकारी प्रशासन राहुल विश्वकर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा जिले के 7 परीक्षा केंद्रों—राजकीय बालिका इण्टर कालेज रैदोपुर, अग्रसेन कन्या इण्टर कालेज दलसिंगार कटरा, निस्वां इण्टर कालेज पहाड़पुर, दुर्गाजी पीजी कालेज चण्डेश्वर, अग्रसेन महिला महाविद्यालय मो0 दलसिंगार, गांधी गुरूकुल इण्टर कालेज भंवरनाथ और राजकीय इण्टर कालेज जमुड़ी शाहगढ़ सठियांव—में 2 पालियों (सुबह 9–11 बजे और दोपहर 3–5 बजे) में आयोजित होगी। प्रत्येक पाली में 3072 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा से पहले सभी कक्ष निरीक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाए, परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा सक्रिय रहे, महिला और पुरुष परीक्षार्थियों की प्रॉपर चेकिंग हो और शहर से दूर के केंद्रों तक पहुँचने के लिए वाहन सुविधा सुनिश्चित की जाए। विद्युत आपूर्ति और बैकअप जनरेटर की व्यवस्था भी हो। परीक्षा केंद्रों पर एंबुलेंस की व्यवस्था अनिवार्य होगी।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा के लिए धारा 163 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 लागू रहेगी। परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर और आवश्यकता पड़ने पर उससे बाहर कोई अनधिकृत व्यक्ति प्रवेश नहीं करेगा। परीक्षा केंद्र परिसर में मोबाइल, पेजर, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, शस्त्र आदि पूरी तरह प्रतिबंधित होंगे।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि पुरुष परीक्षार्थियों के लिए पुलिस आरक्षी और महिला परीक्षार्थियों के लिए महिला आरक्षी तैनात रहेंगे। प्रमुख चौराहों, रेलवे स्टेशन और रोडवेज पर पर्याप्त पुलिस बल व्यवस्था करेगा। आयोग के निर्देशानुसार दो स्तर पर फ्रीस्किंग/चेकिंग होगी।
बैठक में मुख्य कोषाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव, एआरटीओ प्रवर्तन अतुल यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक और सभी सेक्टर/स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे। अपर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से सत्यनिष्ठापूर्वक परीक्षा संचालन और केंद्रों का निरीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
