
रिपोर्ट______अरुण यादव
आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के सहनूडीह गांव में युवक की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। मुकदमा दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर की गई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बरदह थाना पुलिस ने शनिवार को नामजद अभियुक्ता सुप्रिया पाठक को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को जौनपुर जिले के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम आरा निवासी अनुज पाठक ने बरदह थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके पिता उपेन्द्र पाठक ने लगभग नौ वर्ष पहले सहनूडीह निवासी सुप्रिया पाठक से दूसरी शादी की थी, जिनसे उनका एक पुत्र भी है। शिकायत में कहा गया कि सुप्रिया पाठक अपने पति के साथ लगातार दुर्व्यवहार और प्रताड़ना करती थी।
वहीं आरोप है कि 30 जुलाई को उपेन्द्र पाठक अपनी ससुराल सहनूडीह गए थे, जहां पत्नी और उसके परिजनों द्वारा प्रताड़ित किए जाने के बाद उनकी मृत्यु हो गई। इस मामले में बरदह थाने पर मु0अ0सं0 260/26 के तहत धारा 108 बीएनएस (आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण) में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
वहीं जांच के दौरान बरदह पुलिस ने शनिवार को करीब 11:30 बजे सहनूडीह गांव से अभियुक्ता सुप्रिया पाठक पत्नी स्वर्गीय उपेन्द्र पाठक को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी की कार्रवाई उपनिरीक्षक मनीष सिंह, कांस्टेबल संदेश मौर्य, आरक्षी उत्सवपति त्रिपाठी तथा महिला आरक्षी ऋषिता गुप्ता की टीम ने की। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
