आजमगढ़। जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर नई चेतना का दौर शुरू हो गया है। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के शुभारम्भ पर प्रशासन और जनता ने मिलकर संदेश दिया कि नियमों की अनदेखी खतरनाक साबित हो सकती है।

नगर के आईटीआई मैदान स्थित सम्भागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय परिसर में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सम्भागीय परिवहन अधिकारी ए०के० सिंह राजपूत एवं विधायक विक्रान्त सिंह रिशु के प्रतिनिधि अजय सिंह द्वारा प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया गया।


इस अवसर पर यातायात निरीक्षक संजय पाल ने ऑटो यूनियन, बस ऑपरेटरों, छात्रों एवं उपस्थित अन्य लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। विधायक प्रतिनिधि अजय सिंह ने अपने सम्बोधन में सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आमजन से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।


वहीं सम्भागीय परिवहन अधिकारी ए०के० सिंह राजपूत ने राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि पहले सात दिनों तक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, इसके बाद सघन प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी स्टेकहोल्डर विभागों के आपसी समन्वय से इस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संचालित किया जाएगा।


कार्यक्रम में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी वी०डी० मिश्र, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अतुल कुमार यादव, सम्भागीय निरीक्षक (प्राविधिक) प्रतीक मिश्र, ऑटो यूनियन अध्यक्ष कृपाशंकर पाठक, बस ऑपरेटर शिवपाल यादव, रवि मोटर ट्रेनिंग स्कूल एवं बाबा मोटर ट्रेनिंग स्कूल के संचालक/प्रबंधक, छात्र तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के उपरान्त आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु आईटीआई ग्राउंड से कार रैली निकाली गई। रैली में शामिल सभी वाहन चालक और प्रतिभागियों ने हाथों में संदेश लिए और जनता को सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने की प्रेरणा दी।