रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हैरानी की बात यह रही कि गिरफ्तारी के बाद  थाना परिसर में आरोपी के हाथ में एक तख्ती पकड़ा दी गई, जिस पर लिखा था ‘सभी महिलाएं मां और बहन के समान हैं, उनको उसी नजर से देखेंगे, उनका सम्मान हमारा धर्म है, आगे से गलती नहीं होगी।’ यह नजारा आज  चर्चा का विषय बना है।


बीते 24 सितंबर  को पीड़िता ने कप्तानगंज थाने पर तहरीर दी थी कि अभियुक्त सत्यप्रकाश निषाद पुत्र बुद्धराज निषाद निवासी ग्राम दशवन्तपुर, थाना कप्तानगंज, जनपद आज़मगढ़, कई वर्षों से शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बना रहा था। इतना ही नहीं, आरोपी ने चोरी-छिपे उसका वीडियो बनाकर ब्लैकमेल भी किया और जान से मारने की धमकी देता रहा। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया।

रविवार  को उपनिरीक्षक ओम प्रकाश दूबे हमराहियों के साथ मुखबिर की सूचना पर फैजाबाद हाईवे के किनारे से आरोपी सत्यप्रकाश निषाद  को सुबह  हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी को मीडिया को रिलीज होने वाले फोटो/वीडियो में उसके हाथ में एक पोस्टर पकड़ा दिया, जिस पर महिलाओं के सम्मान की सीख लिखी हुई थी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया।