आज़ामगढ़। जिले अतरौलिया थाना क्षेत्र के गंगापुर भीवपुर गांव में रविवार की रात  फेकूलाल राजभर के घर दो अज्ञात युवक जबरन घुस आए और परिजनों को बंधक बनाकर नकदी व जेवरात पार कर ले गए। हालांकि इस मामले में पुलिस लूटपाट की घटना से इंकार करते हुए चोरी होने की बात कह रही है।

मिली जानकारी के अनुसार घटना के समय घर पर फेकूलाल की पत्नी सावित्री अकेली थीं। उनका बेटा पंकज धान की सिंचाई करने खेत गया था और पति देवी जागरण में शामिल होने गए थे। रात करीब 10 बजे दो युवक घर पर पहुंचे। एक युवक ने बाहर सो रही सावित्री का मुंह दबा दिया ताकि वह शोर न मचा सके, जबकि दूसरा घर में घुसकर मास्टर चाबी से बॉक्स का ताला खोलने लगा। बदमाशों ने घर से करीब 10 हजार रुपये नकद, सोने का मंगलसूत्र समेत अन्य जेवरात चोरी कर लिए और मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी सावित्री ने पहले ग्रामीणों को दी, उसके बाद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की और वापस चली गई।

एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि रात 12 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि घर में चोरी हुई है। सूचना पाकर पीआरवी और थाने की पुलिस भी पहुंची थी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। एसओजी और सर्विलांस की टीम को भेजकर मामले की जांच कराई जा रही है। सूचना चोरी की मिली थी, मुकदमा पंजीकृत कर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।