आजमगढ़। जिले में नवरात्रि त्यौहार और मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने जिले के विभिन्न दुर्गा पंडालों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसी क्रम में उन्होंने थाना मुबारकपुर और जहानागंज का भी औचक निरीक्षण किया।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने नवरात्रि के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले के अलग-अलग पंडालों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना मुबारकपुर और जहानागंज में थाने के परिसर, अभिलेखों के रख-रखाव, मालखाना, मेस, महिला हेल्प डेस्क और थाने में साफ-सफाई का भी अवलोकन किया।

इस दौरान एसपी ने थानों के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि अभिलेखों का अद्यतन रख-रखाव सुनिश्चित करें, आगंतुकों और पीड़ितों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें, महिला और कमजोर वर्ग के व्यक्तियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करें और लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण निपटारा करें। इसके अलावा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में भी उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
