
मथुरा के थाना नौहझील क्षेत्र में जीजा और साली के प्यार का हाईवोल्टेज ड्रामा हो गया। यहां एक ईंट भट्ठे पर साली अपने ही जीजा के साथ पति को छोड़कर रह रही थी। वे दोनों यहां घरवालों की नजरों से बचने के लिए जीवन यापन कर रहे थे। अचानक महिला के भाई को इनकी जानकारी मिल गई और वह ईंट भट्ठे पर आ गया। उसने छोटी बहन को जीजा के साथ देखकर हंगामा कर दिया। मामला झगड़े तक पहुंच गया। झगड़े की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस की जांच में पूरा मामला खुल गया।
मिली जानकारी के अनुसार करनाल निवासी युवती सीमा की शादी 12 वर्ष पूर्व नौहझील थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर बसाऊ निवासी युवक विशाल के साथ हुई थी। उन दोनों के दो बच्चे भी हैं। वहीं सीमा की छोटी बहन प्रीति की शादी 5 वर्ष पूर्व करनाल के ही रहने वाले एक युवक से हुई थी। प्रीति भी दो बच्चों की मां हैं। चार माह पूर्व प्रीति और जीजा विशाल में प्यार हो गया। प्यार इतना परवान चढ़ा कि दोनों ही अपने परिवार को छोड़कर ईंट भट्ठे पर छुपकर रहने लगे।
इसके बाद परिवार वालों ने काफी खोजबीन की। अचानक जानकारी मिलने पर सीमा और प्रीति के भाई ने ईंट भट्ठे पर दोनों को खोज निकाला। यहां जीजा-साले में जमकर गाली-गलौज और मारपीट हुई। भट्टा मुनीम द्वारा झगड़े की सूचना इलाका पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची इलाका पुलिस तीनों को थाना ले आई। इसके बाद थाने में साली ने जमकर हंगामा मचाया। बहन यानि युवक की पत्नी सीमा भी वहां आ गई और खूब बवाल किया।
पुलिस के लाख समझाने के बाद भी जीजा-साली दोनों एक दूसरे से शादी करने और साथ रहने की जिद अड़े थे। हालांकि जीजा के प्यार में अंधी बहन से उसने यहां तक कह दिया कि यदि वो उसके पति से शादी करेगी, तो वो अपनी जान दे देगी। इस धमकी के बाद भी वो नहीं मानी। प्रीति को पुलिस और परिवार वालों ने खूब समझाया, लेकिन वो नहीं मानी। शादीशुदा बहन के विरोध करने के बाद भी वह जीजा के साथ रहने पर अड़ी थी।
नौहझील थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि युवक विशाल और साली प्रीति के साथ उसके भाई से बातचीत के बाद भी कोई हल नहीं निकला। किसी के द्वारा तहरीर नहीं दी गई। जीजा-साले में झगड़ा होने पर दोनों का शांति भंग में चालान कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।