रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र में स्नेचिंग और जेबकतरी जैसे अपराधों में सक्रिय संगठित गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गैंगस्टर एक्ट में वांछित चार आरोपी दो पुरुष और दो महिलाओं को ग्रामीण क्षेत्र गडेरी पट्टी से दबोचा गया। भीड़-भाड़ वाले बाजारों में आभूषण और पर्स चोरी करने वाला यह गिरोह कई जिलों में सक्रिय था।
थाना जीयनपुर पुलिस को गुरुवार सुबह बड़ी सफलता मिली। गैंगेस्टर एक्ट में वांछित संगठित गिरोह के चार सदस्य—सुरेश राम, संतोष वर्मा उर्फ तोसू, पूनम और राधा—को मुखबिर की सूचना पर ग्राम गडेरी पट्टी में सुरेश राम के घर से सुबह गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह मुख्य लीडर राज उर्फ सवारिया के संरक्षण में साप्ताहिक बाजारों, मेलों और भीड़ भरे स्थानों पर सक्रिय रहकर आभूषण और पर्स की स्नेचिंग, जेबकतरी और चोरी जैसी वारदातें करता था। भीड़ में धक्का-मुक्की कर पीड़ित को असावधान करना, पल भर में चेन/हार/बाली उड़ाना और तुरंत साथी को पास कर अलग-अलग दिशाओं में भाग निकलना—इसी तरीके से गिरोह अपराधों को अंजाम देता था। गिरोह में पुरुष और महिलाएं दोनों शामिल थे, जिससे बिना शक पैदा किए वारदात को आसानी से अंजाम दिया जाता था।
इन चारों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से लूट, चोरी व जेबकतरी जैसे कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें जीयनपुर और महाराजगंज थानों में विभिन्न धाराओं में केस दर्ज है, साथ ही एक गैंगेस्टर एक्ट का मुकदमा भी शामिल है। प्रभारी निरीक्षक जीयनपुर द्वारा तैयार गैंगचार्ट पहले ही जिलाधिकारी द्वारा अनुमोदित किया जा चुका था, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि गिरोह के मुख्य सरगना राज उर्फ सवारिया और अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है।
