आज़मगढ़। जिले के थाना जीयनपुर क्षेत्र के चौकों खुर्द गांव में देर रात खड़ी कार में अचानक आग लगने से सनसनी फैल गई। घटना में कार पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि पास में खड़ी मोटरसाइकिल भी आग की चपेट में आ गई।
चौकों खुर्द गांव निवासी पीड़ित ओमप्रकाश राय ने बताया कि बीती रात करीब एक बजे उनकी कार घर के सामने खड़ी थी। अचानक जोरदार धमाके की आवाज सुनकर जब वह बाहर निकले तो देखा कि उनकी कार में आग लग चुकी थी। पास में खड़ी बाइक भी आग की चपेट में आ गई थी। आसपास के लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक दोनों वाहन पूरी तरह जल चुके थे।
पीड़ित ने आशंका जताई है कि यह दुर्घटना नहीं, बल्कि किसी शरारती तत्व की करतूत हो सकती है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जाने शुरू कर दिए हैं।
वही एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि बीती रात एक कार और बगल में खड़ी बाइक में आग लग गई। इसके संबंध में तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।
