आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय आजमगढ़ में सात अक्टूबर को द्वितीय दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने गोल्ड मेडल वितरण को पारदर्शी बनाने के लिए छात्र-छात्राओं से आपत्तियाँ आमंत्रित की हैं।


कुलपति प्रोफेसर संजीव कुमार के निर्देश पर गोल्ड मेडल समिति ने सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं की सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर प्रकाशित कर दी है। समिति के प्रभारी प्रो. प्रकाश चंद श्रीवास्तव ने बताया कि पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से प्रमाण सहित आपत्ति आमंत्रित की जा रही है। यदि किसी को सूची में कोई त्रुटि या आपत्ति लगे तो वह विश्वविद्यालय के कुलसचिव कार्यालय अथवा वेबसाइट पर अपनी आपत्ति दर्ज करा सकता है।

मीडिया प्रभारी डॉ. प्रवेश कुमार सिंह ने बताया कि आपत्तियाँ आमंत्रित करने का उद्देश्य यह है कि किसी प्रकार की त्रुटि न रह जाए और सभी छात्र-छात्राओं का विश्वास बना रहे। विश्वविद्यालय की उपाधि एवं गोल्ड मेडल समिति ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया है कि सोशल मीडिया, वेबसाइट और अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक छात्र अपनी आपत्ति दर्ज करा सकें।

समिति ने स्पष्ट किया कि आपत्ति दर्ज कराना विश्वविद्यालय की प्रक्रिया का सहयोग है, न कि विरोध। आपत्तियाँ दर्ज कराने की अंतिम तिथि 18 सितंबर 2025, शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है। उसके बाद प्राप्त आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।