आज़मगढ़। जिले के सगड़ी तहसील के ब्लॉक हरैया में आगामी चार अक्टूबर को प्रमुख पद के लिए विपक्ष द्वारा लाए जाने वाले अविश्वास प्रस्ताव को लेकर सुरक्षा और सुचारु कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने शनिवार को ब्लॉक का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्य विकास अधिकारी और एडीएम को कई बिंदुओं पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने ब्लॉक में तीन दिन के भीतर सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने का आदेश दिया। इसके साथ ही ड्रोन कैमरे की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा। प्रमुख प्रतिनिधि संतोष सिंह से दोनों अधिकारियों ने अविश्वास प्रस्ताव से संबंधित जानकारी भी प्राप्त की।

निरीक्षण से पहले दोनों अधिकारियों ने सगड़ी तहसील के वेयरहाउस का भी निरीक्षण किया। उप जिलाधिकारी श्याम प्रताप सिंह को ब्लॉक में चारों तरफ सीसी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा जिलाधिकारी ने जवाहर नवोदय विद्यालय जीयनपुर में नए भवन का शिलान्यास किया और स्कूल जाने वाले मार्ग की मरम्मत के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।