आज़मगढ़। जिले के सेहद स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के अंडर पास के नीचे सोमवार रात आइसक्रीम का वाहन लगाने को लेकर हुए विवाद ने एक आइसक्रीम विक्रेता की जान ले ली। साथी दुकानदार से कहासुनी और मारपीट के बाद अचानक उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार राजस्थान के चितौड़गढ़ जिले के कासमी थाना क्षेत्र के मनियास गांव निवासी 45 वर्षीय बेरू जात की सोमवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह कंधरापुर थाना क्षेत्र के सेहदा स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे अंडरपास के नीचे भोलेनाथ आइसक्रीम के नाम से गाड़ी लगाकर दुकान चलाता था।
बताया जा रहा है कि सोमवार रात करीब 8 बजे ठेला लगाने को लेकर बेरू जात और उसके साथी दुकानदार सुरेश के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर कहासुनी हाथापाई में बदल गई और सुरेश ने बेरू को पीट दिया। इसी दौरान उसकी हालत बिगड़ गई और साथी उसे जिला अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी कंधरापुर अनुराग कुमार ने बताया कि मृतक को हार्ट का दौरा आया था। हालांकि, उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी।
