रिपोर्ट______अरुण यादव

आजमगढ़। हरिऔध कला केंद्र में आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव कुमार का समाजवादी छात्रसभा के कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। कार्यक्रम स्थल के बाहर प्रदर्शन के दौरान पुलिस और छात्रसभा कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, हरिऔध कला केंद्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव कुमार को मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होना था। कुलपति के कार्यक्रम में पहुंचने की जानकारी मिलने पर समाजवादी छात्रसभा के कार्यकर्ता भी हरिऔध कला केंद्र पहुंच गए।

कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल के बाहर कुलपति के शामिल होने का विरोध करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि विश्वविद्यालय के कुलपति को किसी राजनीतिक या वैचारिक संगठन के कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होने से बचना चाहिए।

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने छात्रसभा कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम स्थल से दूर रखने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी और गहमागहमी की स्थिति बनी रही।

पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाया और कई छात्रसभा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया। वहीं, पुलिस की मौजूदगी में हरिऔध कला केंद्र में आरएसएस का कार्यक्रम जारी रहा।

घटना के बाद कार्यक्रम स्थल के आसपास पुलिस बल तैनात रहा। विरोध और हिरासत की कार्रवाई को लेकर काफी देर तक मौके पर गहमागहमी बनी रही।