रिपोर्ट______SP त्रिपाठी

आजमगढ़। जनपद में स्वयं रोजगार योजना के तहत संचालित टीएओआर/टीओआर प्लांटों पर कच्चे माल की खरीद और फर्मों को दिए जा रहे खरीद आदेश को लेकर सूचना के अधिकार अधिनियम-2005 के तहत महत्वपूर्ण जानकारियां मांगी गई हैं। इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता एवं आरटीआई एक्टिविस्ट पत्रकर्म विश्वकर्मा पुत्र स्वर्गीय शिवबदन, निवासी ग्राम कटघर सदर पोस्ट गोपालपुर, जिला आजमगढ़ ने जन सूचना अधिकारी/उपायुक्त (स्वत: रोजगार), आजमगढ़ को आवेदन भेजा है।

आवेदन में आरटीआई एक्टिविस्ट ने जनपद में स्वयं रोजगार योजना के तहत चल रहे टीओएचपीआर प्लांटों से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर अभिलेखीय प्रमाण सहित सूचना उपलब्ध कराने की मांग की है।

विज्ञापन जारी करने की प्रक्रिया पर मांगा जवाब

आवेदन में पूछा गया है कि जनपद आजमगढ़ में स्वयं रोजगार योजना के तहत जितने भी टीओएचपीआर प्लांट संचालित हैं, उनमें कच्चे माल की खरीद के लिए विज्ञापन निकाला जाता है या नहीं। यदि विज्ञापन जारी नहीं किया जाता है तो इसके पीछे क्या कारण है, इसकी जानकारी मांगी गई है।

साथ ही अन्य जिलों में खरीद के लिए विज्ञापन जारी किए जाने की स्थिति में आजमगढ़ में विज्ञापन जारी न करने का उद्देश्य और कारण भी स्पष्ट करने को कहा गया है।

सभी प्लांटों में खरीद की दरों का मांगा विवरण

आरटीआई आवेदन में यह भी पूछा गया है कि जनपद आजमगढ़ में संचालित सभी टीओएचपीआर प्लांटों में कच्चे माल की खरीद एक ही मूल्य पर होती है अथवा अलग-अलग दरों पर। यदि अलग-अलग कीमतों पर खरीद की जा रही है तो संबंधित दरों का विवरण उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

फर्मों को दिए गए खरीद आदेशों की भी जानकारी मांगी

आवेदन में उन सभी फर्मों का विवरण मांगा गया है, जिन्हें प्लांटों में माल उपलब्ध कराने के लिए खरीद आदेश जारी किए जाते हैं। साथ ही यह भी पूछा गया है कि संबंधित फर्म जीएसटी तथा पैन युक्त हैं या नहीं और क्या वे एक वर्ष का आईटीआर प्रस्तुत करती हैं।

आरटीआई कार्यकर्ता ने यह भी स्पष्ट करने को कहा है कि इन नियमों का पालन किन-किन फर्मों द्वारा किया जाता है और संबंधित अभिलेखों की प्रमाणित प्रतियां उपलब्ध कराई जाएं।

ब्लैक लिस्टेड फर्मों की सूची भी मांगी

इसके अलावा जनपद आजमगढ़ में संचालित सभी फर्मों में से यदि कोई फर्म ब्लैक लिस्टेड है तो उसकी जानकारी और ब्लैक लिस्टेड फर्मों की सूची भी उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

आवेदन के अंत में आरटीआई कार्यकर्ता ने उपरोक्त सभी सूचनाएं अभिलेखीय प्रमाण सहित निर्धारित समय सीमा के भीतर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।

आवेदन की तारीख 18 अगस्त 2026 दर्ज है। पत्र में संपर्क सूत्र के रूप में मोबाइल नंबर भी अंकित किया गया है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग आरटीआई आवेदन में मांगी गई सूचनाओं को किस रूप में उपलब्ध कराता है।