आजमगढ़। नगर के  एक मैरेज हाल के सभागार में बीज व्यापारी सेवा समिति का वार्षिक अधिवेशन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसानों और व्यापारियों के हित से जुड़ी अहम समस्याओं पर विस्तृत चर्चा हुई। दीप प्रज्वलन से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ और उपस्थित सभी ने इस अवसर पर व्यापारिक चुनौतियों पर अपने विचार साझा किए।

अधिवेशन में मुख्य अतिथि प्रांतीय संरक्षक जगदीश प्रसाद वर्मा ने कहा कि सरकार द्वारा लागू की गई सारथी पोर्टल व्यवस्था से वर्तमान में बीज व्यापारियों की स्थिति अत्यंत कठिन हो गई है। उनका मानना है कि यदि इसी तरह पोर्टल पर जोर दिया गया तो लगभग 75 प्रतिशत व्यापारी भुखमरी के कगार पर पहुँच सकते हैं।

विशिष्ट अतिथि प्रांतीय महामंत्री संजय वर्मा ने बताया कि पोर्टल के कारण किसानों को समय पर खाद व बीज नहीं मिल पा रहे हैं। इसका सीधा असर फसल की बुवाई और उत्पादन पर पड़ रहा है। किसानों को खाद और बीज की कमी के साथ-साथ प्रशासनिक उत्पीड़न का भी सामना करना पड़ रहा है।

अधिवेशन में व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस व्यवस्था में सुधार नहीं किया तो बृहद आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान और व्यापारी दोनों की हितों की रक्षा ही प्राथमिकता होनी चाहिए। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी और कई स्थानीय व्यापारी भी उपस्थित रहे।