रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। मंडलीय अस्पताल के मेल सर्जिकल वार्ड में मंगलवार की दोपहर शॉर्ट सर्किट के चलते अचानक आग लग गई, जिससे वार्ड में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि अस्पताल कर्मचारियों की तत्परता से आग पर तुरंत काबू पा लिया गया और बड़ी दुर्घटना टल गई।
बताया जा रहा है कि मेल सर्जिकल वार्ड में ऑक्सीजन पाइपलाइन में लीकेज की समस्या थी। इसी बीच बेड नंबर 13 पर एक मरीज के परिजन ने मोबाइल चार्ज करने के लिए जैसे ही प्लग में चार्जर लगाया, तभी चिंगारी उठी और वहां आग लग गई। देखते ही देखते पूरे वार्ड में धुआं फैल गया, जिससे मरीजों और परिजनों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
अस्पताल के कर्मचारियों ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से तुरंत आग को बुझाया । गनीमत रही कि किसी को कोई चोट नहीं आई। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
बाद में तकनीकी टीम ने ऑक्सीजन पाइपलाइन में हो रहे लीकेज को ठीक किया और सुरक्षा की दृष्टि से बिजली कनेक्शन की भी जांच कराई गई।
