आजमगढ़। नगर के तमसा नदी पर बने नरौली और सिधारी पुल शुक्रवार शाम फैंसी लाइटों की रोशनी से जगमग हो उठे। पोल सहित फैंसी लाइट लगाने के लिए शासन स्तर से नगर पालिका परिषद को 40 लाख रुपये की धनराशि मिली थी। नगर में तमसा नदी पर बने नरौली और सिधारी पुल की स्ट्रीट लाइटें खराब हो गई थीं। कई पोल भी गायब हो गए थे। नगर पालिका की ओर से नई लाइटें न लगाए जाने से एक वर्ष से दोनों पुलों पर रात में अंधेरा छाया रहता था। पुलों पर अंधेरा होने से रात के समय आवागमन में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नगर के लोग काफी अर्से से पुलों पर लाइटें लगवाने की मांग कर रहे थे। पुलों पर फैंसी लाइटों को लगवाने के लिए नगर पालिका परिषद की ओर से आगणन रिपोर्ट बनाकर शासन को भेजी गई थी। पखवारा भर पहले 15वें राज्यवित्त के मद से नगरपालिका को 40 लाख रुपये की धनराशि भेजी मिली थी। ईओ विवेक त्रिपाठी ने बताया कि शासन से धनराशि मिलने के बाद कार्यदायी संस्था से दोनों पुलों पर पोल सहित फैंसी स्ट्रीट लाइटें लगवा दी गई हैं। हरबंशपुर पुल पर भी फैंसी लाइट लगवाने की कवायद की जा रही है। जल्द ही वहां पर भी लाइटें लगा दी जाएंगी।