आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय महासचिव आज़म खान लगभग 23 माह बाद जमानत मिलने पर जेल से आज रिहा हो गए। उनके रिहा होने की खबर जैसे ही जिला पार्टी कार्यालय में लगी, कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। पार्टी कार्यालय से कार्यकर्ता ने जुलूस निकाला और कलेक्टर चौराहे पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा होकर मिठाइयां बांटते और नारे लगाते हुए जश्न मनाने लगे।


सपा जिला कार्यालय पर शिक्षक सभा की बैठक के दौरान ही यह खबर लगी। जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने आज़म खान जिंदाबाद, अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे लगाते हुए खुशी का इजहार किया।

जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने  कहा कि योगी सरकार के दमन और अत्याचार के चलते आज़म खान को लंबे समय तक जेल में रखा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में पुलिस भाजपा के एजेंट की तरह काम कर रही है और विरोधी दलों के नेताओं को दुश्मनों की तरह देखा जा रहा है।

सपा शिक्षक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व कुलपति प्रोफेसर वी. पांडेय ने कहा कि अखिलेश यादव का नेतृत्व आम जन को राहत देने वाला है और उनके नेतृत्व में 2027 में उत्तर प्रदेश में सरकार बनेगी। विधायक डॉ. संग्राम यादव ने भी कहा कि दमन और अत्याचार से किसी की आवाज़ दबाई नहीं जा सकती, और आज़म खान के विचार जेल में नहीं मारे जा सकते।

कार्यक्रम की अध्यक्षता हवलदार यादव और संचालन अजीत कुमार राव ने किया। मौके पर सपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें एमएलसी लाल बिहारी यादव, पूर्व विधायक श्याम बहादुर सिंह यादव, शिक्षक सभा के कई पदाधिकारी और अन्य नेता शामिल थे।