रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के रानी की सराय थाना क्षेत्र के कोटिला बाजार के पास ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार पिता-पुत्री की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार मेंहनगर थाना क्षेत्र के अहियाई गांव निवासी 35 वर्षीय प्रमोद चौहान अपनी पत्नी और तीन वर्षीय पुत्री सानवी के साथ शनिवार की सुबह स्कूटी से दवा लेने के लिए आजमगढ़ शहर जा रहे थे। जब वे नेशनल हाईवे पर कोटिला बाजार के आंवक मोड़ के पास पहुंचे, तभी आजमगढ़ से मुहम्मदपुर की ओर जा रहे एक ट्रक ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची सानवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि प्रमोद चौहान को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे में प्रमोद की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनका इलाज जारी है।
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है
