आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में चकबंदी विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने चकबंदी अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सख्त निर्देश दिए और धारा 52 के प्रकाशन के बाद भी कब्जा परिवर्तन न करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी चकबंदी अधिकारी नियमित रूप से कोर्ट में उपस्थित होकर केसों का निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कोर्ट केस के डिस्पोजल की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में स्पष्ट किया गया कि यदि चकबंदी से संबंधित कोर्ट केस में अपेक्षित प्रगति नहीं होती है, तो संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण लिया जाएगा। इस क्रम में फूलपुर के अखिलेश पांडेय और संजय कुमार सिंह, सठियाँव के अनुज सक्सेना और जहानागंज के मनोज कुमार पांडेय को स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं, साथ ही उनकी रिपोर्ट चकबंदी आयुक्त को भेजी जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी चकबंदी अधिकारियों को आदेश दिया कि शासन के नरेशन के अनुसार समस्त कार्रवाई सुनिश्चित करें और निस्तारण की संख्या पोर्टल पर आदेश होने के तीन दिन के अंदर अपलोड करें। इसके अलावा, उन्होंने आईजीआरएस पर आने वाली शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने, क्षेत्र भ्रमण कर आवेदकों को संतुष्ट करने और लंबित मामलों को निर्धारित अवधि में निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि आईजीआरएस पर कोई प्रकरण डिफाल्टर नहीं होना चाहिए।
