आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में दि किसान सहकारी चीनी मिल्स लि0, सठियांव की प्रबंध समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य पेराई सत्र 2025-26 के लिए उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स संघ लि0, लखनऊ द्वारा स्वीकृत बजट के अनुमोदन और संबंधित तैयारियों पर चर्चा करना था।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मिल द्वारा उत्पादित प्रेसमड को रियायती दर पर खाद के रूप में किसानों को उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि गन्ने की पेराई के लिए नियमानुसार कैलेण्डर तैयार किया जाए और उसका सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही किसानों को गन्ना मूल्य का 100% भुगतान समय पर देने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि किसानों को गन्ना उगाने के लिए प्रेरित किया जाए, लेकिन किसी भी किसान को बाध्य न किया जाए। साथ ही, किसानों को समय पर उर्वरक और दावों की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में केन यार्ड और चीनी मिल कालोनी रोड/सड़क की मरम्मत/निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी या आरईएस से डीपीआर तैयार कराने पर भी चर्चा हुई। समिति की मांग पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि गन्ने की बुआई करने वाली मशीन नियमानुसार खरीदी जाए और किसानों को किराये पर उपलब्ध कराई जाए। इसके अतिरिक्त, समिति ने किसानों को गन्ना मूल्य के बदले कृषि निवेश उपलब्ध कराने पर सर्वसम्मत सहमति दी।
बैठक में अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की गई और जिलाधिकारी ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, जीएम चीनी मिल सठियांव, वाइस चेयरमैन यशवंत सिंह सहित समिति के अन्य सदस्य और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
