आज़मगढ़/लखनऊ। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हैदरगढ़ क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। इस दुर्घटना में आज़मगढ़ व बिहार के एक-एक लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के सराय रावत गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 42.1 किलोमीटर प्वाइंट पर मंगलवार सुबह करीब साढ़े दस बजे यह हादसा हुआ। तेज रफ्तार अर्टिगा कार स्कॉर्पियो को ओवरटेक करने के दौरान उससे टकरा गई। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और सड़क किनारे खाई में जा पलटी।
हादसे के समय अर्टिगा कार में कुल सात लोग सवार थे। दुर्घटना में बिहार के छपरा जिले के मसरख थाना क्षेत्र के बहुआरा गांव निवासी हरेंद्र कुमार सिंह के पुत्र बबलू तथा आजमगढ़ जिले के देवगांव थाना क्षेत्र के लालगंज हनुमानगढ़ी निवासी भृगुनाथ राम के पुत्र दीपक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं आजमगढ़ के देवगांव थाना क्षेत्र के कैथी शंकरपुर गांव निवासी मोहम्मद ताहिर, आसिफ और कमरुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है। खाई में गिरी कार गांव की सड़क के पास जाकर रुकी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि स्कॉर्पियो को ओवरटेक करने के दौरान हादसा हुआ है। मृतक व घायल सभी कार में सवारी के रूप में बैठे थे और वाहन टैक्सी की तरह इस्तेमाल किया जा रहा था। हादसे के बाद कार चालक सहित सातवां व्यक्ति मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
