
रिपोर्ट______अरुण यादव
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने रविवार को आजमगढ़ के अतरौलिया स्थित निरीक्षण भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव, पिछड़ा वर्ग आरक्षण, गठबंधन की राजनीति और कई समसामयिक मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखी।
सोशल मीडिया पर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव समय से पहले कराए जाने की चर्चाओं को खारिज करते हुए राजभर ने कहा कि चुनाव आयोग अपने निर्धारित समय पर ही चुनाव कराएगा। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी हमेशा चुनावी मोड में रहती है और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहती है।
‘अखिलेश ने आठ बार बदले गठबंधन’
अखिलेश यादव द्वारा उन पर लगाए जाने वाले अवसरवादिता के आरोपों का जवाब देते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव स्वयं अपने राजनीतिक हितों के लिए अब तक आठ बार गठबंधन बदल चुके हैं। उन्होंने कहा कि कभी बसपा, कभी कांग्रेस और कभी रालोद के साथ गठबंधन करने वाले अखिलेश यादव दूसरों पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार खो चुके हैं।
राजभर ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी पिछड़ों की राजनीति केवल वोट लेने तक सीमित रखती है। उन्होंने कहा कि सपा किसी दूसरे पिछड़े वर्ग के नेता को आगे बढ़ते नहीं देखना चाहती।
‘सदन में गूंगे, बाहर चीखते हैं विपक्षी’
विपक्ष पर निशाना साधते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यदि विपक्ष में वास्तव में पिछड़ों के अधिकारों को लेकर गंभीरता है, तो विधानसभा के भीतर 27 प्रतिशत पिछड़ा वर्ग आरक्षण के बंटवारे और रोहिणी आयोग की रिपोर्ट पर चर्चा कराए। उन्होंने कहा कि विपक्ष सदन के बाहर पिछड़ों की राजनीति करता है, लेकिन सदन के अंदर उनके अधिकारों के लिए एक शब्द भी नहीं बोलता।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “सदन में गूंगे रहते हैं और बाहर आकर चीखते हैं।”
सपा नेताओं पर भी साधा निशाना
ओमप्रकाश राजभर ने रामगोपाल यादव और शिवपाल यादव के पुराने बयानों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के बड़े नेता राजभर, निषाद और मौर्य समाज को सम्मान की दृष्टि से नहीं देखते। उन्होंने शिवपाल यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जब उनकी अलग पार्टी नहीं चल सकी तो मजबूरी में उसे समाजवादी पार्टी में विलय करना पड़ा।
सोनम वांगचुक मामले पर सरकार का बचाव
लद्दाख के पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को प्रदर्शन स्थल से हटाकर अस्पताल में भर्ती कराए जाने के मुद्दे पर भी राजभर ने सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की सलाह पर उनके स्वास्थ्य को देखते हुए प्रशासन ने यह कदम उठाया ताकि उनकी जान सुरक्षित रह सके। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इस मुद्दे पर भी राजनीति कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है।
2027 को लेकर दिया स्पष्ट संदेश
पत्रकार वार्ता के अंत में राजभर ने कहा कि उनकी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह तैयार है और संगठन लगातार जनता के बीच सक्रिय है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता विकास और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर सरकार के साथ खड़ी है।
