प्रतीकात्मक तस्वीर
आज़मगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के हीरापट्टी इलाके में पढ़ाई के लिए किराए पर रह रही छात्राओं की निजता भंग करने वाले युवक को पुलिस हिरासत में।लेकर पूछताछ कर रही है। रविवार शाम घटना उस समय सामने आई, जब एक छात्रा बाथरूम में नहाने गई और उसने देखा कि कोई छत के रोशनदान से मोबाइल कैमरे से वीडियो बना रहा है। छात्रा ने शोर मचाया तो अन्य लड़कियां भी पहुंच गईं और आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया।
आरोपी की पहचान हिमांशु राय के रूप में हुई, जो उसी मोहल्ले में अपने माता-पिता के साथ किराए पर रहता है। जब स्थानीय लोगों ने उसके मोबाइल और लैपटॉप की जांच की तो चौंकाने वाला सच सामने आया। पिछले एक साल से वह चोरी-छिपे कई छात्राओं और महिलाओं के अश्लील वीडियो बना रहा था। इनमें वे लड़कियां भी शामिल थीं, जो पहले उस मकान में रह चुकी थीं। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि हिमांशु राय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मोबाइल और लैपटॉप जब्त कर लिए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
