रिपोर्ट: आशीष निषाद
अतरौलिया, आज़मगढ़। स्थानीय थाना क्षेत्र के गनपतपुर गांव के समीप बुधवार की शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान वाराणसी में उसकी मौत हो गई। गुरुवार की देर शाम शव घर पहुचने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, अतरौलिया थाना क्षेत्र के भोराजपुर खुर्द गांव निवासी युवक बुधवार की शाम करीब सात बजे गनपतपुर गांव से मजदूरी करके घर लौट रहा था। इसी दौरान गनपतपुर के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उसे अमर शहीद राजा जयलाल सिंह 100 शैय्या अस्पताल लाया गया और परिजनों को सूचना दी गई।
स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल आज़मगढ़ के लिए रेफर कर दिया। वहां भी हालत न सुधरने पर चिकित्सकों ने वाराणसी हायर सेंटर भेज दिया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही मृतक के घर कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बृहस्पतिवार की शाम वाराणसी से पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजन दहाड़े मारकर रोने लगे।
मृतक के भाई की तरफ से स्थानीय थाने पर तहरीर दी गई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
