रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ हेमराज मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन एवं क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल के पर्यवेक्षण में साइबर अपराध पर अंकुश के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली। गुरुवार को थाना साइबर क्राइम पुलिस ने अशोक नगर थाना बिल्हौर जनपद कानपुर नगर में किराए के मकान से एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 2 मोबाइल फोन, 2 सिम, 80 हजार रुपये नकद, 1 पासबुक और 2 आधार कार्ड बरामद हुए।
मामला 26 जुलाई 2025 को दर्ज तहरीर से जुड़ा है, जिसमें वादी ने बताया कि कुछ लड़कियों ने खुद को रिश्तेदार बताकर 6 लाख 81 हजार रुपये की ठगी की। इस पर साइबर क्राइम थाना आजमगढ़ में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू हुई। मोबाइल नंबर, बैंक खातों की लोकेशन और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को दबोचा गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोगों को रैंडम कॉल करते थे, मीठी बातें कर खुद को रिश्तेदार, परिचित या शादी का प्रस्ताव देने वाला बताकर जाल में फंसाते थे। जमीन की रजिस्ट्री या अन्य बहानों से पैसे मंगवाकर जनसेवा केंद्रों से निकाल लेते थे।
पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और लोगों को जागरूक किया जाएगा ताकि वे ऐसे झांसे में न फंसें।
