आजमगढ़। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर आज पुलिस लाइन स्थित स्मृति स्थल पर उन अमर शहीद पुलिसकर्मियों को याद किया गया, जिन्होंने अपने कर्तव्यपथ पर चलते हुए देश, प्रदेश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र  सुनील कुमार द्वारा शहीद पुस्तिका का वाचन कर शहीदों के प्रति श्रद्धा-सुमन अर्पित करने से हुई। उन्होंने कहा कि पुलिस बल के शहीद हमारे प्रेरणास्रोत हैं। उनका अदम्य साहस और बलिदान हमेशा हमें कर्तव्यनिष्ठ रहने की प्रेरणा देता रहेगा।

इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने शहीदों के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए कहा कि शहीद पुलिसकर्मियों का बलिदान सदैव हमारे दिलों में जीवित रहेगा। उनके आदर्शों से ही पुलिस बल अपने कर्तव्यों का निर्वहन और अधिक समर्पण भावना से करेगा।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात विवेक त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी नगर/लाइन शुभम तोदी समेत सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, निरीक्षक, उपनिरीक्षक एवं बड़ी संख्या में पुलिस बल के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर अमर शहीद पुलिसजनों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।