रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पहला मामला थाना रौनापार क्षेत्र का है, जहाँ वादिनी ने बीते 20 अगस्त को तहरीर दी कि उसकी नाबालिग पुत्री को अंकेश कुमार पुत्र मुन्नू उर्फ मुन्ना राम निवासी सरगहा सागर शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगा ले गया। इस पर थाना रौनापार में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ। विवेचना में पीड़िता की बरामदगी, बयान व मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धारा 64 बीएनएस व 3/4 पॉक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई। मंगलवार को उपनिरीक्षक सुमित सिंह ने मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त अंकेश को बनकटा-चुनहवा मोड़ तिराहे से गिरफ्तार कर लिया।
दूसरा मामला थाना पवई का है। जंहा बीते रविवार को वादी ने तहरीर दी कि 20 जुलाई की रात करीब 1 बजे उसकी बहन को अभियुक्त पंकज पुत्र मुन्नीलाल निवासी सदरपुर थाना पवई बहला-फुसलाकर भगा ले गया। इस घटना में पिंकू पुत्र संजय चमार निवासी जाफरपुर कतकान तथा जितेन्द्र ने सहयोग किया। इस आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। विवेचना में पीड़िता की बरामदगी व बयान के बाद धारा 64 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। मंगलवार को उपनिरीक्षक ओमप्रकाश मिश्रा ने मुखबिर की सूचना पर वांछित अभियुक्त पंकज को खेमीपुर के पास से गिरफ्तार कर लिया।
दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्यवाही जारी है।
