आज़मगढ़। जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के मोहब्बतपुर गांव में रक्षा बंधन पर भाई को राखी बांधने आई महिला की रविवार को सर्पदंश से मौत हो गई। वहीं, सरायमीर क्षेत्र में भी सांप के डसने से छात्रा की जान चली गई।
महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के देवनपुर गांव निवासी 35 वर्षीय सुमन राजभर पत्नी बृजपाल राजभर का मायका मोहब्बतपुर में है। वह शनिवार को बेटी दिपांजली संग रक्षा बंधन पर भाई पवन को राखी बांधने आई थी। रविवार दोपहर शर्बत बनाने के लिए गुड़ निकालते समय सांप ने उसके पैर में काट लिया। परिवार ने झाड़फूंक कराया और फिर अमवा स्थित सत्ती माई स्थान ले गए, जहां उपचार के अभाव में उसकी मौत हो गई।
वहीं सरायमीर थाना क्षेत्र के कनैथा चकमियां गांव में 14 वर्षीय उजाला पुत्री राजेंद्र प्रजापति, कक्षा आठ की छात्रा, घर पर उपला निकाल रही थी। दोपहर में उसे सांप ने डस लिया। परिजन तुरंत फूलपुर ले गए, लेकिन हालत गंभीर देख डॉक्टर ने रेफर कर दिया। देर शाम रास्ते में उसकी भी मौत हो गई।
