आज़मगढ़। जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पहली घटना बरदह थाना क्षेत्र के चौकी गांव में हुई। जंहा रविवार की रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से चौकी गांव निवासी 35 वर्षीय मजदूर राजू राम की मौत हो गई। वह जौनपुर शहर में रहकर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। मृतक के भाई त्रिभुवन की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। राजू राम तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके पीछे पत्नी किरन देवी, मां सोनबरसा देवी और दो छोटे पुत्र साहिल (9) और रवि (6) हैं। परिवार में मातम का माहौल है।

दूसरी दुर्घटना तरवां थाना क्षेत्र के बहलोलपुर गांव में हुई। यहां 60 वर्षीय सावित्री देवी पत्नी जगदीश रविवार शाम को तरवां बाजार से लौट रही थीं। बहरियाबाद मोड़ के पास पीछे से आ रहे बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी और फरार हो गया। परिजन उन्हें तरवां अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उपचार के बाद रेफर कर दिया। परिजन उन्हें घर ले आए, लेकिन रात में उनकी मौत हो गई। मृतका के पास दो बेटों और दो बेटियों का परिवार है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।