रिपोर्ट: एसपी त्रिपाठी
आज़मगढ़। सिनेमा के परदे से निकलकर असल जिंदगी में उतरी एक प्रेम कहानी उस वक्त तमाशा बन गई जब सात सालों से इश्क में डूबा प्रेमी अपनी विवाहित प्रेमिका से मिलने उसकी ससुराल जा पहुंचा। देर रात हुई इस मुलाकात ने ऐसा मोड़ लिया कि युवक को प्रेम की कीमत पिटाई खाकर चुकानी पड़ी। यह चौंकाने वाली घटना सिधारी थाना क्षेत्र के एक गांव की है।
सूत्रों से मिली जानकरी के अनुसार, युवक और महिला क बीच वर्षों से प्रेम संबंध था। महिला की शादी को कुछ साल बीत चुके हैं और उसका पति रोज़गार के सिलसिले में कोलकाता में रहता है। इसी दौरान महिला और उसका पुराना प्रेमी संपर्क में बने रहे। बीती रात युवक प्रेम की चाह में सारी मर्यादाओं को लांघते हुए प्रेमिका से मिलने उसके ससुराल जा पहुंचा।
रात के सन्नाटे में हुई किसी भी अनहोनी से सतर्क महिला की सास को घर में किसी अनजान व्यक्ति की आहट सुनाई दी। बिना समय गंवाए उन्होंने शोर मचाया और देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने घर की तलाशी ली और प्रेमी को संदिग्ध अवस्था में रंगे हाथों पकड़ लिया। फिर क्या था, ग्रामीणों ने उसकी जमकर कुटाई की ।
सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान मौके पर पहुंचे और मामला पुलिस के संज्ञान में लाया गया। युवक को पकड़कर थाने लाया गया, जहां प्रेमिका के मायके और ससुराल पक्ष की मौजूदगी में पंचायत शुरू हुई, जो घंटों चली। काफी कहासुनी और समझौते के बाद तय हुआ कि महिला अब मायके में ही रहेगी। जब उसका पति कोलकाता से लौटेगा, तब वह तय करेगा कि पत्नी को साथ रखेगा या नहीं।
इस पूरे मामले पर जब सिधारी थाना प्रभारी हीमेंद्र सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा, इस तरह का कोई मामला अभी थाने में दर्ज नहीं हुआ है। यदि कोई लिखित शिकायत आती है, तो जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
