रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले केथाना मुबारकपुर क्षेत्र के ग्राम इब्राहीमपुर में क्रिकेट खेलने को लेकर हुए विवाद के चलते एक किशोर पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
बिते 18 जुलाई को ग्राम इब्राहीमपुर निवासी अजीमुर्रहमान पर विपक्षियों ने क्रिकेट खेलने की बात को लेकर लाठी-डंडों, लात-घूंसे व चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। पीड़ित के पिता अब्दुल समद पुत्र हाजी मु. जमीर ने 19 जुलाई को थाना मुबारकपुर में तारिक महमूद, वामिक महमूद, अताउर्रहमान, महमूदलहसन एवं ज्याउर्रहमान के विरुद्ध तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर मुकदमा अपराध धारा 3(5), 115(2), 352, 351(3), 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक सुरेश सिंह यादव को सौंपी गई।
पुलिस ने पहले ही अभियुक्त महमूदुल हसन (51), अताउर्रहमान (35) व वामिक महमूद (21) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। शेष फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु प्रभारी निरीक्षक शशि मौलि पाण्डेय के निर्देशन में पुलिस टीम सक्रिय थी।
गुरुवार को मुखबिर खास की सूचना पर उपनिरीक्षक सुरेश सिंह यादव ने टीम के साथ पिचरी गेट के पास से वांछित अभियुक्त तारिक महमूद पुत्र महमूदुल हसन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्त ने घटना में प्रयुक्त चाकू को ओझौली मोड़ के पास ताड़ के पेड़ के नीचे छिपाने की बात स्वीकार की, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।
