रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के हिसामुद्दीनपुर गांव में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव निवासी 24 वर्षीय प्रमोद कुमार राजभर खेत में यूरिया डाल रहा था, तभी उसे एक जहरीले सांप ने काट लिया। कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानीपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उसे मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया।
मंडलीय अस्पताल में उपचार के दौरान प्रमोद की मौत हो गई। वह अपने दो भाइयों में सबसे छोटा था। प्रमोद की मौत से पूरे गांव और परिवार में मातम पसर गया। घर में कोहराम मच गया है और मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
