आजमगढ़। जिले के रानी की सराय थाना क्षेत्र के कस्बा बाजार में सोमवार को एक तेज रफ्तार बाइक ने बाजार आई महिला को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब महिला पैदल घर लौट रही थी।

सेठवल गांव निवासी चंद्रकला गौड़ (48) किसी काम से सोमवार को बाजार आई थीं। काम निपटाने के बाद वह पैदल ही घर लौट रही थीं। जैसे ही वह बाजार में एक क्लीनिक के पास पहुंचीं, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद महिला सड़क पर गिर पड़ीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहाँ मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की सूचना महिला के परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे और घायल चंद्रकला को एंबुलेंस से अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई। इस सूचना से घर में कोहराम मच गया ।

सूचना मिलते ही रानी की सराय थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर बाइक सवार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।