रिपोर्ट_____अरुण यादव 

आजमगढ़। विकासखंड सठियांव क्षेत्र के लालसा कृषक इंटर कॉलेज नीबी मुहब्बतपुर के प्रांगण में सोमवार को नाग पंचमी के अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान दौड़, कबड्डी, कुश्ती समेत कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। खिलाड़ियों ने पूरे जोश और ऊर्जा के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। दौड़ में खिलाड़ियों ने अपनी तेज गति का प्रदर्शन किया, जबकि कबड्डी में रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। प्रतियोगिता देखने के लिए विद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण, छात्र और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को आयोजकों की ओर से नगद पुरस्कार और मेडल देकर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर विजेता खिलाड़ियों के चेहरे पर खुशी नजर आई। आयोजकों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है और उनमें खेलों के प्रति रुचि भी बढ़ती है।

कार्यक्रम में सशस्त्र सीमा बल के कोच दीपक सिंह ने पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने और नियमित अभ्यास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच और सही मार्गदर्शन देने की है।

दीपक सिंह ने कहा कि भविष्य में भी युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन जारी रखा जाएगा। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अमर नाथ सिंह, विशिष्ट अतिथि श्यामधारी यादव रहे, जबकि संचालन आकाश सिंह ने किया। इस अवसर पर रेफरी आकाश, धीरज, प्रधानाचार्य अवधेश यादव, प्रकाश यादव, सुरेश यादव, संजय यादव, बलवंत सिंह, सूर्य प्रकाश, जफर अब्बास, हैदर अब्बास, मो. एजाज, अनिल, अश्वनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।