रिपोर्ट_____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के सिधारी थाना क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रहे एक छात्र के साथ बीच सड़क मारपीट का मामला सामने आया है। छात्र की पिटाई का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, घटना सिधारी थाना क्षेत्र के परानापुर स्थित BBS स्कूल के पास की बताई जा रही है। वायरल सीसीटीवी फुटेज में कई युवक सड़क पर छात्र के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि स्कूल से घर लौटते समय युवकों ने छात्र को रोककर उसके साथ मारपीट की।

घटना के बाद पीड़ित छात्र ने सिधारी थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज और पीड़ित के आरोपों के आधार पर मारपीट के कारणों तथा घटना की पूरी सच्चाई का पता लगाने में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।

फिलहाल बीच सड़क छात्र की पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।