
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के मार्टिनगंज शिक्षा क्षेत्र में बिना मान्यता के संचालित हो रहे निजी विद्यालयों के खिलाफ शिक्षा विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) वीरेन्द्र कुमार ने अमान्य कक्षाओं का संचालन किए जाने के मामले में दो निजी विद्यालयों के प्रबंधक और प्रधानाध्यापकों को नोटिस जारी किया है। विभाग ने दोनों विद्यालयों को दो दिन के भीतर मान्यता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। निर्धारित समय में दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने पर संबंधित प्रबंधकों और प्रधानाध्यापकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी गई है। खंड शिक्षा अधिकारी मार्टिनगंज की ओर से 21 नवंबर को असई मोलनापुर स्थित पब्लिक स्कूल तथा नोनारी स्थित सेंट नॉलेज अंग्रेजी स्कूल (कक्षा 1 से 8) के प्रबंधक एवं प्रधानाध्यापक को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में बताया गया है कि बीएसए कार्यालय की ओर से 18 सितंबर को जारी पत्र के अनुपालन में बिना मान्यता संचालित विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षा विभाग के संज्ञान में आया है कि दोनों विद्यालयों में मान्यता से संबंधित वैध अभिलेख उपलब्ध कराए बिना कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। इन विद्यालयों की मान्यता से जुड़े कोई भी दस्तावेज खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध नहीं हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित मान्यता प्रमाण पत्र प्राप्त किए बिना विद्यालय का संचालन नियमों के विरुद्ध है।
एक लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान
नोटिस में विद्यालय प्रबंधन को नियमों का पालन करने की चेतावनी देते हुए बताया गया है कि बिना मान्यता विद्यालय अथवा अमान्य कक्षाओं का संचालन करने पर संबंधित व्यक्ति पर एक लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके बाद भी नियमों का उल्लंघन जारी रहने पर प्रतिदिन 10 हजार रुपये तक का अतिरिक्त अर्थदंड वसूलने का प्रावधान है।
दो दिन में प्रमाण पत्र नहीं दिया तो होगी एफआईआर
शिक्षा विभाग ने दोनों विद्यालयों के संचालकों को नोटिस प्राप्त होने के दो दिन के भीतर मान्यता प्रमाण पत्र की छायाप्रति खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराने का अल्टीमेटम दिया है। निर्धारित समय सीमा में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर संबंधित विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस कार्रवाई की पूरी जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय प्रबंधन की होगी।
