
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। फूलपुर तहसील क्षेत्र के पवई थाना अंतर्गत हमजापुर गांव में बीती रात महज 200 रुपये को लेकर हुए विवाद के बाद एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
हमजापुर गांव निवासी शशिकला (29) पत्नी जयप्रकाश यादव का सोमवार रात अपने पति से 200 रुपये को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि जयप्रकाश का भाई स्टेपलाइजर बनवाकर घर लाया था, जिसकी रकम देने को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी।
रात में खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य सोने चले गए। करीब 12 बजे परिवार का एक बच्चा दूध पीने के लिए उठा। इसी दौरान उसने गैलरी में शशिकला को दुपट्टे के सहारे फांसी पर लटका देखा। बच्चे की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को जानकारी दी।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतका के दो पुत्र हैं, जिनमें एक की उम्र करीब पांच वर्ष और दूसरे की करीब एक वर्ष बताई गई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतका के मायके पक्ष के लोग भी हमजापुर गांव पहुंच गए। शशिकला का मायका जौनपुर जनपद के सरपतहा थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर धुधुरी गांव में बताया गया है। मृतका के भाई विनोद यादव पुत्र बैजयंती ने मंगलवार सुबह करीब 10 बजे थाने पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
फिलहाल पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की ओर से दी जाने वाली तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
